रचना की खोज जारी है...
विधा
तारीख
शीर्षक
रचनाकार की आवाज में सुनें:
यह कैसी अंधी होड़ मची, यह कैसा झूठा शोर है,
तृष्णा के महाजाल में, उलझी जीवन की डोर है।
मिट्टी के कच्चे महलों पर, इतराता मुसाफ़िर है,
परिणामों की जकड़न में, हर इंसान यहां काफ़िर है।
असत्य, अन्याय और क्लेश का, छा रहा अँधेरा,
भूल गया है सत्य सनातन, क्या तेरा, क्या है मेरा?
ठहरो, और देखो भीतर, जहाँ बसा एक सन्नाटा है,
शून्यता है परम सत्य, जो न बँटा है, न बँट पाता है।
यह शून्य नहीं है खाली, यहां तो अनंत का वास है,
यह मिटना नहीं वजूद का, यह तो चेतना की भाषा है।
जहाँ 'मैं' और 'मेरा' गलते, जहाँ टूटता है अभिमान,
उस शून्य के ठहरे सागर में, है जीवन का भान।
क्यों ढो रहे व्यर्थ का बोझ, क्यों मुट्ठी तुमने भींची है?
इस झूठे मोह की दलदल ने, तुम्हारी ऊर्जा खींची है।
अगर पाना है विश्राम तुम्हें, तो यह मुट्ठी अब खुल जाने दो,
जो है अनित्य, जो है नश्वर, उसे वक्त की धूल में मिल जाने दो।
जिस दिन शून्यता का अमृत, तुम्हारे भीतर उतर जाएगा,
यह भागदौड़, यह तनाव तुम्हें, फिर कभी न डराएगा।
शून्य में घुलकर ही इंसान, परम पूर्णता पाता है,
जो खुद को खोने से न डरे, अंततः वही स्वयं को पाता है।
0
कलमकार
टिप्पणियाँ0