रचना की खोज जारी है...
विधा
तारीख
शीर्षक
रचनाकार की आवाज में सुनें:
छब्बीस बरस का सफर हुआ, फिर जश्न की तैयारी है,
चेहरों पर विकास के दावे, आँखों में उम्मीदें भारी हैं।
सरकारें बदलीं, दौर बदले, बदली सत्ता की तस्वीर,
मगर आज भी कई गाँवों की, अधूरी है तकदीर।
कभी जोगी के सपने थे, कभी रमन का विकास,
कभी किसान के नाम की गूँजी, न्याय और विश्वास।
अब नई गारंटी के वादे हैं, घोषणाओं की भरमार,
हर सत्ता ने खूब सुनाए, अपने-अपने चमत्कार।
कोयला निकला, लोहा निकला, जंगल हुए नीलाम,
खनिजों से समृद्ध हुआ प्रदेश, पर कौन हुआ धनवान?
बैलाडीला से लोहा निकला, कोरबा से बिजली आई,
फिर भी गाँवों की चौखट पर, खुशहाली क्यों नहीं आई?
हसदेव के जंगल पूछ रहे, किसका है यह विकास?
किसकी जमीन उजड़ रही है, किसके चेहरे पर हास?
धरती के सीने से धन निकली, बढ़ता गया कारोबार,
लेकिन कर्ज के बोझ तले दबता, सरकारी अर्थशास्त्र अपार।
कहीं स्कूलों में शिक्षक कम हैं, कहीं अस्पताल लाचार,
युवा रोजगार को भटक रहे, किसान कर्ज का शिकार।
हाँ, सड़कें बनीं, योजनाएँ आईं, कुछ बदले हालात,
मगर अधूरे प्रश्न आज भी हैं, विकास के साथ-साथ।
छब्बीस साल का लेखा माँगे,
अब जनता का अधिकार,
कितने जंगल कटे उजड़े ?
कितने खनिज खोद निकाले?
और कितना बढ़ा उधार?
सत्ता कोई भी हो, कसौटी बस इतनी-सी बात—
जनता के जीवन में कितना आया बदलाव?
खनिजों से नहीं, इंसानों से इसकी पहचान बने,
सिर्फ अमीर न हो कुछ लोग, हर छत्तीसगढ़ीया धनवान बनें!
0
कलमकार
टिप्पणियाँ0