Logo

काव्य कुंज

A+
A-
विधा तारीख

शीर्षक

सुना है देश बदल रहा है, हर दिन नया कमाल हो रहा है, कल तक जो जनता की अमानत थी, अब उसका सौदा बेहिसाब हो रहा है। कहते हैं—बेच नहीं रहे हैं, बस बोझ उतार रहे हैं, जो पीढ़ियों ने खून से सींचा, उसे कुशल हाथों में सौंप रहे हैं! वाह रे नीति! वाह रे ज्ञानी! कैसी अद्भुत तेरी कहानी! मुनाफ़ा हो तो निजी हाथों में, घाटा हो तो जनता की कुर्बानी! बैंकों से लेकर कारखानों तक, बंदरगाहों से आसमानों तक, हर सौदे के आगे एक जुमला— “जनहित में है यह बलिदानी!” अब भिलाई की बारी की चर्चा, फिर उठने लगा सवाल नया, जिस इस्पात ने देश गढ़ा है, क्या उसका भी हो रहा सौदा? जिसकी भट्ठी में श्रम जला है, जिसकी धड़कन में भारत पला है, जिसके दम पर शहर बसे हैं, जिससे लाखों सपने सजे हैं, उस पर भी यदि व्यापारी की नज़र है— तो पूछो, यह कैसी प्रगति की डगर है? मज़दूरों के पसीने का क्या शेयरों में भाव लगेगा? जिसने अपनी जवानी दी है, क्या वह सौदागर से सवाल न करेगा? देश कोई दुकान नहीं है, जनता कोई ग्राहक नहीं, लोकतंत्र में सत्ता सेवक है— मालिक बनने का हक़ नहीं। याद रहे, इतिहास लिखेगा, किसने क्या सौदा किया था, किसने जनता की धरोहर को किस कीमत पर तौला था। तरक्की वही, जो सबकी हो, समृद्धि वही, जो जन की हो, देश बड़ा कुछ घरानों से नहीं— ताक़त उसकी जनता की हो!
0

कलमकार

नाम

टिप्पणियाँ0